देवरिया जिले के खुखुंदू के पूर्व प्रधान संजय प्रसाद उर्फ श्यामा (55) शनिवार शाम घर से निकले थे और रविवार सुबह सड़क किनारे मृत पाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पड़री बनमाली गांव निवासी संजय प्रसाद एनपीएस विद्यालय चांदपार में वाहन चालक थे। शनिवार को रोज की तरह विद्यालय गए थे और ड्यूटी समाप्त होने के बाद रात में पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुजुरी बुजुर्ग पुल के समीप भरथुआ-भटनी मार्ग पर सड़क की पटरी के नीचे उनका शव मिला। रविवार सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

स्वजन रातभर उनके लौटने का इंतजार करते रहे और उनकी तलाश में जुटे रहे। सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। बेटा गौरव पिता का शव देखते ही बदहवास होकर फफक पड़ा। पत्नी सुनीता देवी, बेटों गौरव, सौरभ और वैभव तथा बेटियों बुलबुल व अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल है। संजय वर्ष 2005 में गांव के प्रधान भी रह चुके थे और मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। उनकी मौत से गांव में शोक की लहर है।

प्रभारी निरीक्षक बीवी राजभर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।