कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली का पर्व देशभर में उत्साह के साथ मनाया जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार इस बार यह पर्व 24 नवंबर को पड़ेगा। पौराणिक कथा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। इसी खुशी में देवताओं ने काशी में उतरकर गंगा के घाटों पर दीप जलाए थे। मान्यता है कि तभी से यह पर्व देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है।
उत्तर प्रदेश में इसे देव दीपावली के नाम से जाना जाता है। इस दिन काशी के घाटों पर विशेष रौनक रहती है, जहां मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं और भव्य महाआरती का आयोजन होता है। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
महाराष्ट्र और गोवा में इस पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा कहा जाता है। यहां भी इसकी कथा भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के संहार से जुड़ी है। इस अवसर पर शाम के समय मंदिरों के बाहर बने ऊंचे पत्थर के दीपस्तंभों पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं।
बिहार और झारखंड में देव दीपावली को कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान के नाम से जाना जाता है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने के बाद दीपदान का विशेष महत्व है। लोग भगवान सत्यनारायण की कथा का पाठ भी करते हैं। पंजाब और उत्तर भारत में यह पर्व गुरु नानक जयंती के रूप में मनाया जाता है। सिख समुदाय इसे श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के रूप में मनाता है। इस अवसर पर गुरुद्वारों में अरदास और कीर्तन होता है तथा लंगर की सेवा की जाती है।
