नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज भारत दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा करीब 25 घंटों का होगा। प्रधानमंत्री बनने के बाद द्विपक्षीय बैठक के लिए यह उनका पहला विदेश दौरा है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत इस दौरान नेपाल के लिए 2 अरब डॉलर के क्रेडिट लाइन की घोषणा कर सकता है। नेपाल 500 मिलियन डॉलर का क्रेडिट लाइन भी मांग रहा है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है।
नेपाल भारत से क्रेडिट लाइन के अलावा भारतीय हवाई क्षेत्र से नेपाली विमानों की आवाजाही चाहता है। अयोध्या से जनकपुर के बीच प्रस्तावित ट्रेन सेवा पर बातचीत हो चुकी है और इंटीग्रेटेड जांच चौकियों पर सहमति बनने की बात कही जा रही है। पोखरा हवाई अड्डे के लिए नए हवाई मार्ग, पुलों और सिलीगुड़ी-चाराली पेट्रोलियम पाइपलाइन जैसे प्रोजेक्ट्स पर भी बातचीत चल रही है। सीमा पार बिजली व्यापार, जलविद्युत परियोजनाओं जैसे लोअर अरुण और पंचेश्वर परियोजना तथा जल-साझाकरण से जुड़े मुद्दे भी एजेंडे में हैं। हवाई क्षेत्र को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों के मुताबिक भारत बागडोगरा से नेपाली एयरस्पेस में अपने लड़ाकू विमानों की एंट्री चाहता है, जबकि नेपाल इसे संवेदनशील मान रहा है। नेपाल के अधिकारियों का कहना है कि नागरिक विमानों को इजाजत देने पर उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन फाइटर जेट्स के उड़ान की इजाजत देने से मना किया गया है। विमानों की ऊंचाई को लेकर भी बातचीत जारी है। भारत ने 39 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान का प्रस्ताव दिया है, जबकि नेपाल 29 हजार फीट की ऊंचाई चाहता है।
कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा को लेकर सीमा विवाद पर बालेन शाह भारत के सामने बात रख सकते हैं। भारतीय अधिकारियों की ओर से अभी मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन माना जा रहा है कि वे औपचारिक तौर पर यह मुद्दा उठा सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को बालेन शाह ने नेपाल के कुछ पूर्व राजनयिकों से दौरे को लेकर बात की और इस पर चर्चा हुई कि सीमा विवाद बातचीत के टेबल पर रखा जाए या नहीं। सूत्रों का यह भी कहना है कि बालेन शाह प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से उनकी छवि कमजोर होना शुरू हुई है, लिहाजा वे सीमा विवाद को राष्ट्रवाद का मुद्दा बनाना चाह रहे हैं।
नेपाल में 2013-2017 तक भारत के राजदूत रह चुके रंजीत रे ने बताया कि इस दौरे का महत्व सिर्फ औपचारिक कूटनीति से कहीं बढ़कर है। इससे दोनों सरकारों को व्यापार, कनेक्टिविटी, ऊर्जा, शिक्षा और सीमा-पार विकास जैसे क्षेत्रों में आपसी सद्भावना को ठोस सहयोग में बदलने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा है कि भारत और नेपाल के बीच 10 सूत्रीय 'ज्वाइंट विजन डॉक्यूमेंट' पर हस्ताक्षर हो सकते हैं, जिसका थीम 'समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत' रखा गया है। वहीं नेपाल के सीनियर जर्नलिस्ट और सार्क फोरम के प्रेसिडेंट राजू लामा ने बताया कि बालेन शाह के दौरे से पहले चीन ने भी अपने एक अधिकारी को काठमांडू भेजा है और उनकी पार्टी के कम से कम 20 सांसद चीन दौरे पर हैं। उन्होंने कहा कि बालेन शाह चीन के नहीं बल्कि यूरोप-अमेरिका के ज्यादा करीबी हैं और भारत को लेकर उनका रुख सकारात्मक रहा है।
