दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन के लिए जरूरत के मुताबिक बसें उपलब्ध कराना सरकार के सामने अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। हालांकि, इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने की रफ्तार तेज हुई है। जनवरी 2022 से जनवरी 2025 तक आम आदमी पार्टी सरकार के तीन साल के कार्यकाल में करीब 2000 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली की सड़कों पर उतरीं, जबकि भाजपा सरकार के पौने दो साल के कार्यकाल में 3338 बसें सड़कों पर आ चुकी हैं। इस तरह जनवरी 2022 से अब तक 5000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में शामिल हो चुकी हैं।

इसके बावजूद वर्ष 2030 तक दिल्ली में 14 हजार बसें उपलब्ध कराने का लक्ष्य हासिल करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। विशेषज्ञों की मानें तो केवल ज्यादा बसें सड़कों पर उतार देने से ही संतुष्ट होना काफी नहीं है; सरकार को लगातार अपने 14 हजार के लक्ष्य का पीछा करना होगा, तभी जरूरत के हिसाब से बेड़ा मजबूत हो सकेगा।

दिल्ली की बात करें तो अब डिम्ट्स की बसें भी सरकार के अंतर्गत आ गई हैं। इन्हें मिलाकर बसों की कुल संख्या 7088 पर पहुंच गई है, मगर अभी भी जरूरत के हिसाब से आधी बसें ही मौजूद हैं। इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत जनवरी 2022 में हुई थी।

बता दें कि दिल्ली ही नहीं, हापुड़ तक भी नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ेंगी। शुक्रवार को डीटीसी की 100 बसों को हरी झंडी दिखाई जानी है।