ढाका में खेले गए पुरुष दृष्टिबाधित एशिया कप के फाइनल के बाद भारतीय दृष्टिबाधित संघ (सीएबीआई) ने मैच के अंपायर की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। सीएबीआई के अनुसार, अंपायर को फाइनल के बाद पाकिस्तानी टीम के साथ जश्न मनाते हुए देखा गया। इसका एक वीडियो सामने आने के बाद संघ ने यह मुद्दा उठाया है। बयान में कहा गया है कि अंपायरिंग के नियमों के तहत मैच अधिकारी को निष्पक्ष रहना चाहिए और किसी भी टीम के साथ नहीं जुड़ना चाहिए।

सीएबीआई ने कहा कि यह पाकिस्तानी अंपायर पूरे दृष्टिबाधित एशिया कप-2026 में अंपायरिंग कर रहा था, इसके बावजूद उसे पाकिस्तानी टीम की जीत का जश्न मनाते हुए देखा गया। संघ ने कहा कि अंपायर को किसी भी टीम के साथ खड़ा नहीं दिखना चाहिए।

इससे पहले फाइनल को लेकर भी विवाद हुआ था। बारिश के कारण मैच धुल जाने के बाद रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को विजेता घोषित किया गया था, जबकि भारत का पक्ष था कि दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए क्योंकि मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं था। भारतीय टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी में भी हिस्सा नहीं लिया था।

विवाद तब और बढ़ा जब विश्व दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद (डब्ल्यूबीसीसी) और पाकिस्तान दृष्टिबाधित क्रिकेट परिषद के चीफ सुल्तान शाह ने डब्ल्यूबीसीसी की टेक्निकल कमेटी की उस सिफारिश को मानने से इनकार कर दिया, जिसमें भारत और पाकिस्तान दोनों को संयुक्त विजेता घोषित करने की बात कही गई थी।