नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा की आने वाली वेब सीरीज 'डॉ. हसन' का टीजर जारी हो गया है। जियो हॉटस्टार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर यह टीजर साझा किया। सीरीज 11 दिसंबर को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। टीजर में नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक सनकी डॉक्टर के किरदार में नजर आ रहे हैं, जिसे एक बेफिल्टर इंसान के रूप में दिखाया गया है। टीजर की शुरुआत डॉ. हसन के संवाद से होती है, जिसमें वे कहते हैं कि कभी-कभी लोगों को लगता है कि डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं, लेकिन लगता है वे लोग उनसे नहीं मिले। इसके बाद वे डंडे के सहारे लाइन तोड़कर आगे बढ़ते हैं और सामने से आ रहे व्यक्ति के कहने पर जवाब देते हैं। टीजर को साझा करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा कि मिलिए मेडिकल की दुनिया के सबसे नो-फिल्टर कैरेक्टर से, डॉ. हसन शानदार है, लेकिन निर्दयी है।
यह सीरीज अमेरिकन ड्रामा सीरीज 'हाउस' का हिंदी एडेप्शन है। इसे रोहन सिप्पी डायरेक्ट कर रहे हैं और इसकी निर्माता बानीजय एशिया है। बानीजय एशिया ने कहा कि 'हाउस' को दुनियाभर के दर्शकों ने सालों तक पसंद किया है, इसलिए इसे भारतीय दर्शकों के लिए बनाते समय हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि 'डॉ. हसन' इसी कहानी का भारतीय रूप है, जिसे इस तरह पेश किया गया है कि यहां के दर्शक इससे जुड़ाव महसूस कर सकें। कहानी का सबसे खास हिस्सा इसका किरदार है, जो बेहद तेज दिमाग वाला है, उसमें कई कमियां भी हैं और उसका व्यवहार कई बार मुश्किल भरा होता है, लेकिन उसे नजरअंदाज करना आसान नहीं है।
सीरीज में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा के अलावा फैसल राशिद, रहमत रतन, जयसन थाम और स्मरण सानू जैसे कलाकार भी हैं। इससे पहले दीया मिर्जा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ काम करने को अपना सबसे बुरा सपना बताया था और अभिनेता ने उस पर पलटवार किया था। अब टीजर से यह साफ हो गया है कि यह विवाद ऑफ स्क्रीन नहीं, बल्कि ऑन स्क्रीन है।
