रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' को लेकर दर्शकों में श्रद्धा देखने को मिल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता की मल्टीप्लेक्स चेन SVF Cinemas ने फैसला किया है कि फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान ऑडिटोरियम के अंदर सिर्फ शाकाहारी खाना परोसा जाएगा। कंपनी ने साफ किया है कि यह रोक सिर्फ 'रामायण' पर लागू है और दूसरी फिल्मों पर नहीं। इसके अलावा नॉनवेज सहित रेग्युलर फूड और बेवरेज मेन्यु ऑडिटोरियम के बाहर काउंटर पर मिलता रहेगा।

कंपनी के एक स्पोक्स पर्सन के मुताबिक, कुछ फिल्में सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि लोगों की भावनाओं और धार्मिक विश्वास से जुड़ी होती हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के दौरान जब हनुमान चालीसा बजता है तो थिएटर का माहौल किसी मंदिर जैसा महसूस होता है। SVF Cinemas ने यह भी बताया कि पहले भी पौराणिक फिल्मों के दौरान ऐसी श्रद्धा देखने को मिली है। साल 2024 में आई फिल्म 'महावतार नरसिम्हा' की स्क्रीनिंग के समय कई दर्शकों ने अपनी मर्जी से थिएटर के बाहर जूते-चप्पल उतार दिए थे, जबकि 'हनुमान अंश' के दौरान लोगों ने ऑडिटोरियम के अंदर सिर्फ शाकाहारी खाना परोसने की मांग की थी।

सोशल मीडिया पर कुछ क्लिप्स सामने आए हैं जिनमें लोग देवताओं के वेश में थिएटर जाते दिख रहे हैं। इन क्लिप में करीब 6 लोग सुनहरे कपड़ों, भारी जूलरी और बड़े मुकुट में नजर आ रहे हैं और उनके हाथ में गदा और कुल्हाड़ी जैसे हथियार हैं। उनका लुक पौराणिक कथाओं में देखे गए देवताओं की क्लासिक छवि जैसा बताया जा रहा है।

बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म दो हिस्सों में बनाई जा रही है और पहले पार्ट को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के 14 दिनों में फिल्म ने देश भर में ₹844.40 Cr का नेट कलेक्शन और ₹1,009.05 Cr का ग्रॉस कलेक्शन किया है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई ₹1,519.05 Cr हो चुकी है।