ब्रिटेन के प्रिंस विलियम बुधवार को मुंबई के अंधेरी स्थित धर्मा प्रोडक्शंस के ऑफिस पहुंचे, जहां करण जौहर, सैफ अली खान, करीना कपूर खान और कंपनी के सीईओ अपूर्व मेहता ने उनका स्वागत किया। प्रिंस विलियम ने ऑफिस में करीब 45 मिनट बिताए।
इस मौके पर कलाकारों ने पारंपरिक परिधानों में फिल्म 'कभी खुशी, कभी गम' के गीतों 'शावा शावा' और 'बोले चूड़ियां' पर डांस पेश किया, जबकि फिल्म का टाइटल सॉन्ग बैकग्राउंड में बजता रहा। मेहमानों के लिए अलग-अलग तरह के व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी और दीवार पर सजे पुरस्कार व ट्रॉफियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
बातचीत के दौरान जौहर ने प्रिंस विलियम से भारतीय सिनेमा की बढ़ती लोकप्रियता पर चर्चा की और बताया कि देश में कई भाषाओं में फिल्में बनती हैं। उन्होंने एस. एस. राजामौली की 'आरआरआर' और 'बाहुबली' का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारतीय सिनेमा की वैश्विक उपलब्धि है। जौहर ने कहा कि पश्चिम एशिया कुछ फिल्मों और सितारों के लिए बड़ा बाजार है, जहां बड़े सिनेमाघर नियमित रूप से भारतीय फिल्में दिखाते हैं।
जौहर ने प्रिंस विलियम से 'कभी खुशी, कभी गम' देखने का आग्रह किया और बताया कि फिल्म की अधिकतर शूटिंग ब्रिटेन में हुई थी। उनके मुताबिक, प्रिंस ने तीन घंटे 32 मिनट की यह फिल्म देखने का वादा किया। बातचीत में क्रिकेट पर भी चर्चा हुई, क्योंकि यह खेल दोनों देशों में काफी लोकप्रिय है। सैफ अली खान और करीना कपूर खान ने भी प्रिंस विलियम के साथ बातचीत की।
प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन भारत के तीन दिनों के दौरे पर हैं। इससे पहले दिन में प्रिंसेस कैथरीन ने 'नौरोसजी वाडिया मैटरनिटी हॉस्पिटल' का दौरा किया और वहां के सीनियर अधिकारियों, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ से मुलाकात की।
