सर्दियों में घर के मंदिर में विराजमान बाल गोपाल को गर्माहट देने के लिए लोग अलग-अलग इंतजाम करते हैं। सोशल मीडिया पर अंकित ने मात्र 5 रुपये के मिट्टी के कुल्हड़, तार की जाली और मोल्डेड क्ले की मदद से एक आकर्षक मिनी रूम हीटर बनाने का तरीका साझा किया है। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में इस हीटर को बनाने की पूरी विधि बताई गई है।

हीटर का ढांचा बनाने के लिए सबसे पहले एक छोटा मिट्टी का कुल्हड़ लें। कुल्हड़ के मुंह के आकार के बराबर धातु की पतली जाली को गोल काट लें और क्ले को पतली रस्सी की तरह बेलकर जाली के चारों किनारों पर अच्छी तरह चिपका दें, ताकि जाली को मजबूत फ्रेम मिल जाए। अतिरिक्त क्ले को काटकर बराबर कर लें और सूखने के लिए रख दें। इसके बाद कुल्हड़ को पारंपरिक अंगीठी जैसा रूप देने के लिए क्ले की पतली लटें बनाकर उसके चारों ओर बेल या जड़ों जैसी आकृति में चिपकाएं। निचले हिस्से में क्ले की गोलाकार पट्टी लगाकर मजबूत आधार दें और दोनों किनारों पर छोटे हैंडल बनाएं।

क्ले सूखकर सख्त हो जाने के बाद हीटर पर रंग करने की बारी आती है। कुल्हड़ के मुख्य हिस्से पर गहरा नीला रंग, क्ले की बेलों और निचले हिस्से पर हरा रंग, हैंडल पर भूरा रंग और जाली के चारों ओर बने क्ले के फ्रेम को चमकीले पीले रंग से पेंट करें। हीटर तैयार होने के बाद लकड़ी के कोयले के छोटे टुकड़ों को स्टील की छलनी में रखकर गैस की धीमी आंच पर हल्का गर्म करें और तपे हुए कोयले सावधानीपूर्वक कुल्हड़ के अंदर डाल दें। इसके तुरंत बाद ऊपर पीले रंग वाला जालीदार ढक्कन रख दें, ताकि कोयला सुरक्षित रहे और हल्की आंच बाहर आती रहे।

तैयार हीटर को बाल गोपाल के सिंहासन या बिस्तर के पास थोड़ी दूरी पर सावधानी से रखें। कोयले की धीमी और सौम्य गर्माहट आसपास के वातावरण को सुखद बनाती है। डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। इसकी सत्यता और सटीकता की जिम्मेदारी नहीं ली जाती है।