प्रशांत महासागर में बन रही सुपर अल नीनो की स्थिति का असर पूरे भारतीय उपमहाद्वीप पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह बीते कई दशकों की सबसे भीषण अल नीनो स्थिति बताई जा रही है, जिससे कहीं बाढ़ तो कहीं भीषण सूखे की आशंका है। इस बीच एक नई रिपोर्ट में हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र को लेकर चेतावनी दी गई है। काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र, बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी के संस्थान ने संयुक्त रूप से यह रिपोर्ट तैयार की है।

'हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026' रिपोर्ट के मुताबिक अल नीनो के प्रभाव से हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। रिपोर्ट में नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में अधिक बारिश का अनुमान जताया गया है। चेतावनी दी गई है कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। साथ ही क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने और जंगलों में आग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादा बारिश का मतलब यह नहीं है कि जंगलों में आग का खतरा टल गया है। हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने की आशंका है, जिससे घास और वनस्पति सूखकर आग के प्रति संवेदनशील हो सकती हैं। दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमा के कुछ हिस्सों में जंगलों और घास के मैदानों में आग लगने की आशंका अधिक से बहुत अधिक जताई गई है। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने अल नीनो का प्रभाव बेहद भीषण रहने की जानकारी दी है। एजेंसी के मुताबिक लगभग 60 फीसदी संभावना है कि अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे भीषण हो सकता है।

भारत के कई हिस्सों में भी अल नीनो के प्रभाव से सूखा पड़ सकता है। जानकारी के मुताबिक मॉनसून में बारिश की कमी से धान, कपास, गन्ना और मक्का जैसी फसलों की बुवाई पिछले साल की तुलना में कम हुई है और उपज पर भी असर पड़ने की आशंका है, जिससे खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ गई हैं। आने वाले दिनों में कर्नाटक और महाराष्ट्र के अलावा अन्य राज्य भी सूखे की घोषणा कर सकते हैं। सूखे और गर्म सर्दियों के बाद भीषण गर्मी से कुछ हिस्सों में पानी की गंभीर कमी हो सकती है। इससे पहले 2015-16 में ऐसी स्थिति हुई थी, जब भारतीय रेलवे को सूखे क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति के लिए सेवा में लगाया गया था। पानी और चारे की कमी तथा लू से जानवरों की मृत्यु दर बढ़ सकती है और दुग्ध उत्पादन प्रभावित हो सकता है।