मंगल ग्रह पर नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने नाज्का नाम की जगह पर चट्टानों के भीतर डिस्क के आकार की अजीब संरचनाएं खोजी हैं, जो देखने में आलू के चिप्स जैसी लगती हैं। नासा ने अपने मिशन ब्लॉग में इन संरचनाओं की तुलना डिस्क के आकार के क्रिस्टल से की है। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये संरचनाएं मंगल के भूगर्भीय इतिहास के लिए अहम सुराग साबित हो सकती हैं। वैज्ञानिक यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये चिप्स जैसी संरचनाएं किस खनिज से बनी हैं, क्योंकि अंदर मौजूद खनिज यह बता सकता है कि ये चट्टानें कब और किन परिस्थितियों में बनीं।
ब्लॉग के अनुसार, क्यूरियोसिटी रोवर सिर्फ तस्वीरें नहीं खींच रहा है, बल्कि चट्टानों की गहन जांच भी कर रहा है। नाज्का साइट पर रोवर ने एक चट्टान में ड्रिल कर नमूना निकाला और उसे अपने अंदर मौजूद छोटी केमिकल लैब में भेजा, जो चट्टानों और मिट्टी में मौजूद रासायनिक तत्वों और यौगिकों का विश्लेषण करती है। इससे वैज्ञानिक यह जान सकेंगे कि चट्टान किन पदार्थों से बनी है और उसका निर्माण किन हालात में हुआ।
नासा ने बताया कि रोवर के पास ChemCam नाम का एक खास उपकरण भी है, जो लेजर की मदद से काम करता है। लेजर की गर्मी से चट्टान की सतह का बहुत छोटा हिस्सा गर्म होकर प्लाज्मा बनाता है, और इससे निकलने वाली रोशनी का अध्ययन करके वैज्ञानिक उस हिस्से में मौजूद रासायनिक तत्वों की जानकारी पाते हैं। नाज्का साइट पर वैज्ञानिकों ने Colca नाम की एक खास चिप जैसी संरचना को भी जांच के लिए चुना है। इसके अलावा, इन संरचनाओं को करीब से देखने के लिए रोवर के रोबोटिक आर्म पर लगे मार्स हैंड लेंस इमेजर (MAHLI) कैमरे का इस्तेमाल किया गया और रात के समय क्लोजअप तस्वीरें लेने की योजना बनाई गई, जिसमें सामान्य सफेद रोशनी के साथ अल्ट्रावॉयलेट LED लाइट का भी उपयोग किया गया।
वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि अगर इन संरचनाओं में ऐसे खनिजों की पहचान हो जाए जो पानी की मौजूदगी से जुड़े होते हैं, तो यह समझने में मदद मिलेगी कि मंगल पर कभी पानी किस रूप में था—तरल, बर्फ या किसी और रूप में। यह जानकारी मंगल के प्राचीन वातावरण को समझने में काम आएगी। बता दें कि क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 में मंगल की सतह पर उतरा था और तब से गेल क्रेटर में घूमकर वहां के इतिहास की परतें खोल रहा है। फिलहाल वैज्ञानिक इन संरचनाओं का पूरा विश्लेषण कर रहे हैं, और ChemCam व अन्य उपकरणों से मिले आंकड़े तैयार होने पर साफ हो सकेगा कि ये संरचनाएं किस खनिज से बनी हैं और मंगल के इतिहास के बारे में क्या नया बताती हैं।
