छठ महापर्व के बाद दूसरे राज्यों में लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल (ईसीआर) ने 17 से 21 नवंबर तक पांच दिनों में 205 टीओडी (ट्रेन ऑन डिमांड) ट्रेनें चलाईं। रेलवे के अनुसार, 17 नवंबर को 50, 18 नवंबर को 41, 19 नवंबर को 36, 20 नवंबर को 40 और 21 नवंबर को 38 टीओडी ट्रेनें चलाई गईं। इन अतिरिक्त ट्रेनों से दिल्ली, मुंबई, पंजाब और हरियाणा सहित अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिली।
रेलवे के मुताबिक, त्योहार के बाद ट्रेनों में बढ़ी भीड़ के कारण मांग के अनुरूप अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गईं, ताकि नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम हो और उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए अधिक विकल्प मिल सकें। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि अक्टूबर से 30 नवंबर तक 4448 विशेष ट्रेन के फेरे निर्धारित हैं और जरूरत के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाई जा रही है।
कार्तिक पूर्णिमा पर सोनपुर में गंगा स्नान और बाबा हरिहरनाथ के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। 23 से 25 नवंबर तक नयागांव, परमानंदपुर, शीतलपुर, दीघवारा, अवतारनगर और बड़ागोपाल सहित कई छोटे स्टेशनों पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों का एक मिनट का अतिरिक्त ठहराव होगा।
इसके अलावा 24 और 25 नवंबर को सोनपुर-छपरा, सोनपुर-मुजफ्फरपुर और सोनपुर-पाटलिपुत्र के बीच चार जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
