महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली के इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा किया है। शनिवार को विनोद कांबली अपने परिवार के साथ मुंबई स्थित शिंदे के आधिकारिक आवास नंदनवन पहुंचे थे। इस मुलाकात में कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट, उनके दोनों बच्चे और मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के पिच क्यूरेटर नदीम मेमन भी मौजूद थे।
एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीर साझा की। उन्होंने बताया कि विनोद कांबली के दिमाग में खून का थक्का जम गया है, जिससे उन्हें बार-बार स्ट्रोक आने का खतरा है। याददाश्त कमजोर होने समेत कई स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें लंबे समय तक इलाज की जरूरत है। शिंदे ने आश्वासन दिया कि कांबली का इलाज ठाणे के जुपिटर अस्पताल में कराया जाएगा।
शिंदे ने कहा कि कांबली के दोनों बच्चों जीसस कांबली और जोहाना कांबली की शिक्षा का खर्च भी उठाया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि शिवसेना की ओर से बच्चों की शैक्षणिक जिम्मेदारी भी ली जाएगी।
विनोद कांबली ने भारतीय टीम के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। टेस्ट में उनके नाम 1084 रन हैं, जिसमें चार शतक शामिल हैं। वनडे में उन्होंने 2477 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।
