क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह अपने पुराने अंदाज में नहीं दिखे। उन्हें 292 गेंदों के बाद सफलता मिली और उनकी रफ्तार भी कम दिखी, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल उठने लगे। इस मैच में उन्होंने केवल छह प्रतिशत गेंदें ही 140 किमी/घंटा या उससे अधिक की रफ्तार से डालीं। पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्हें चार विकेट मिले थे, लेकिन दूसरी पारी में वे खाता नहीं खोल सके।
दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने कहा कि बुमराह 30 की उम्र की शुरुआत में हैं, इसलिए यह तय है कि उनकी रफ्तार और नहीं बढ़ेगी। उन्होंने कहा, "सवाल यही है कि क्या वे इसे लगभग 135 तक बनाए रख सकते हैं। 140 की गति की गेंदें अब हमें बहुत कम देखने को मिलेंगी।" गावस्कर के मुताबिक, 135 किमी/घंटा की रफ्तार पर भी बुमराह काफी शार्प रहेंगे और अगर गेंद में मूवमेंट मिलती है, तो वे बल्लेबाजों के लिए और खतरनाक साबित होंगे।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने तीन विकेट के नुकसान पर 133 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 243 रनों की है। भारत पहली पारी में 246 रनों पर सिमट गया था, जिससे मेजबान टीम को 110 रनों की बढ़त मिली थी। टीम इंडिया को मुकाबले में वापसी के लिए कीवियों को 350 तक रोकना होगा और फिर अच्छी बल्लेबाजी कर जीत हासिल करनी होगी।
