बलरामपुर में मिर्गी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर इलाज के महत्व पर जोर दिया गया है। हर वर्ष 17 नवंबर को नेशनल एपिलेप्सी डे मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को एपिलेप्सी यानी मिर्गी के प्रति जागरूक करना है। वर्ष 2026 की थीम 'जहां समुदाय उम्मीद जगाता है' है। जिले में भी मिर्गी के मरीज बढ़ रहे हैं। संयुक्त जिला चिकित्सालय में एक वर्ष में 40 से अधिक मरीज चिह्नित किए गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। जिले भर में प्रतिवर्ष करीब 200 मिर्गी मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं।

अकसर शुरुआती लक्षणों से अनजान लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इलाज के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में फंसे रहते हैं, जिससे बीमारी नियंत्रण से बाहर हो जाती है। मिर्गी तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारी है, जिसमें दिमाग की गतिविधि असामान्य हो जाती है। प्रभावित व्यक्ति को दौरे, असामान्य व्यवहार और संवेदनाओं के आवेग आ सकते हैं, कभी-कभी चेतना भी खो सकती है। मिर्गी हर आयु, नस्ल और जाति के लोगों को प्रभावित कर सकती है।

गैर संचारी रोग विभाग के चिकित्साधिकारी डॉ. ऋषि श्रीवास्तव का कहना है कि प्रतिमाह आठ से 10 मिर्गी के मरीज चिह्नित किए जाते हैं। सीटी स्कैन से जांच में पुष्टि होने पर दवाएं दी जाती हैं। एंटी-सीजर इलाज में दी जाने वाली दवाओं से बीमारी नियंत्रित रहती है। यह बीमारी बच्चों, महिलाओं और पुरुषों में से किसी को भी कभी भी हो सकती है। मिर्गी के अनेक कारण नियंत्रण से बाहर और अपरिहार्य हैं, लेकिन उनका इलाज हो सकता है। मिर्गी का इलाज दवाइयों से शुरू होता है और गंभीर मरीजों को लखनऊ रेफर कर दिया जाता है।