फरीदाबाद के बीके अस्पताल में बेड से हाथ-पैर बंधे मिले एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दिल्ली के शाहदरा निवासी 33 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। स्वजन ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।

जानकारी के अनुसार, कपिल रैपिडो में बाइक चलाता था। स्वजन के मुताबिक, सात नवंबर की शाम करीब चार बजे उसकी अपनी मां से आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उसने बताया था कि वह फरीदाबाद में दोस्त से मिलकर दिल्ली लौट रहा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। काफी तलाश के बाद स्वजन ने शाहदरा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। कपिल आठ नवंबर की रात बीके अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उसके हाथ-पैर बेड से बंधे हुए थे। इसका वीडियो भी सामने आया है। इलाज के दौरान 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई।

कपिल के चचेरे भाई ईशान मल्होत्रा ने बताया कि करीब दो महीने पहले उसका तलाक हुआ था और उसकी कोई संतान नहीं थी। वह माता-पिता का इकलौता सहारा था। स्वजन का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती होने के दौरान उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। उनका कहना है कि समय पर जानकारी मिलने पर वे अस्पताल पहुंचकर उसकी देखभाल कर सकते थे। उन्होंने अस्पताल स्टाफ की कथित लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है।

सीएमओ डा. जयंत आहूजा ने समय पर खाना और दवाइयां नहीं देने के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि मरीज की देखभाल की जा रही थी और अस्पताल लाए जाने के समय उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है, जो यह पता लगाएगी कि मरीज को कितनी देर तक बेड से बांधकर रखा गया और इलाज के दौरान सभी जरूरी सावधानियां बरती गईं या नहीं। लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जाना है, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।