फरीदाबाद में सूरजकुंड रोड स्थित डिलाइट गार्डन में एक समारोह के दौरान दादा-पोते की सफेद रंग की क्रेटा कार पार्किंग से चोरी हो गई। पर्वतीय कॉलोनी निवासी अजय सैनी के अनुसार, 21 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे उनके पिता रोहताश सैनी और बेटा शिवम सैनी कार लेकर समारोह में शामिल होने गए थे और उन्होंने कार की चाबी व पार्किंग टोकन कर्मचारी को सौंप दिया था। रात करीब 9:30 बजे समारोह से बाहर आकर टोकन देकर कार मांगी गई, लेकिन वह पार्किंग में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी कार का पता न चलने पर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति कार को पार्किंग से ले जाते हुए दिखाई दिया।

शिकायत के आधार पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।