फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल में लापरवाही का मामला सामने आया है। ट्रेन हादसे में मृत युवक का शव लेकर पहुंची जीआरपी की महिला एएसआई को शवगृह के बाहर करीब डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। शवगृह के गेट पर ताला लगा था और कर्मचारियों के पास चाबी नहीं थी। बाद में हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने पत्थर से ताला तोड़कर शव को अंदर रखवाया।
जीआरपी की महिला एएसआई सुदेश के अनुसार, बुधवार शाम ओल्ड रेलवे स्टेशन पर सुशासन एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 32 वर्षीय पवन की मौत हो गई। पवन अपने फूफा को स्टेशन छोड़ने आया था और वापस लौटते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले गई।
रात करीब आठ बजे शवगृह का गेट बंद था और उस पर ताला लगा हुआ था। रात करीब साढ़े नौ बजे हाउसकीपिंग कर्मचारी संदीप और बलबीर मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पास भी गेट की चाबी नहीं थी। इस बीच महिला पुलिसकर्मी अस्पताल परिसर में इंतजार करती रही। दोनों कर्मचारियों ने पत्थर से गेट पर लगा ताला तोड़ा और शव को शवगृह के अंदर रखवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
पूरे मामले पर सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।
