सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से बचने के इरादे से वाहन की नंबर प्लेट छिपाने, उससे छेड़छाड़ करने या फास्टैग न लगाने वाले वाहन चालकों पर पांच गुना जुर्माना लगाने की घोषणा की है। मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय के अनुसार, जुर्माने की राशि के अतिरिक्त वाहन चालक से निर्धारित टोल शुल्क भी वसूला जाएगा। जुर्माने की रकम संबंधित प्राधिकरण को दी जाएगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई तभी होगी, जब यह साबित हो जाए कि नंबर प्लेट छिपाने या फास्टैग न लगाने का उद्देश्य टोल शुल्क से बचना था। यह नियम वाहन की आगे या पीछे की नंबर प्लेट अथवा दोनों को छिपाने के मामलों में लागू होगा।

मंत्रालय ने कहा कि ऐसे वाहनों की पहचान तकनीक आधारित मजबूत प्रणाली से की जाएगी। मल्टी-लेन फ्री फ्लो एक बाधारहित इलेक्ट्रॉनिक टोल प्रणाली है, जिसमें ऊपर लगे फास्टैग रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे वाहनों की पहचान कर स्वतः टोल शुल्क काटते हैं। इससे वाहनों को रुकना नहीं पड़ता और जाम, ईंधन की खपत तथा प्रदूषण कम होता है।

यह जुर्माना मौजूदा और भविष्य में शुरू होने वाले सभी मल्टी-लेन फ्री फ्लो टोल प्लाजा पर लागू होगा।