खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने श्रीनगर और अनंतनाग जिलों में 100 से अधिक खाद्य कारोबारियों को वैधानिक अनुपालन नोटिस जारी किए हैं। विभाग के अनुसार अब होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को अपने मेन्यू कार्ड और परिसर में लगे डिस्प्ले बोर्ड पर स्पष्ट रूप से बताना होगा कि उपलब्ध मांस मटन, बीफ या चिकन है अथवा मछली, और यह भी कि संबंधित उत्पाद ताजा है या फ्रोजन।

विभाग ने यह कदम खाद्य पदार्थों की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया है, ताकि ग्राहक अपनी पसंद और जानकारी के आधार पर खाद्य पदार्थों का चयन कर सकें। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों से खाद्य उत्पादों की वास्तविक जानकारी छिपाने या भ्रमित करने वाली जानकारी देने पर कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियमों के तहत विभाग ने खाद्य कारोबारियों के लिए व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाली सभी सामग्रियों की जानकारी देना भी अनिवार्य किया है। सामग्री की सूची में उन्हें वजन या मात्रा के आधार पर अधिक से कम क्रम में दर्ज करना होगा, यानी जिस सामग्री का इस्तेमाल किसी व्यंजन में सबसे अधिक होगा, उसका नाम सूची में सबसे पहले लिखना होगा।

विभाग की इस पहल का उद्देश्य मांस और मछली उत्पादों को लेकर ग्राहकों के बीच किसी भी तरह की गलतफहमी और अस्पष्टता को दूर करना तथा खाद्य पदार्थों की बिक्री और तैयारी में पारदर्शिता बढ़ाकर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है। एफडीए ने सभी संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा है और चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने या निर्देशों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।