फिरोजाबाद न्यायालय ने वर्ष 2004 में परिषदीय स्कूल के शिक्षक किशन कुमार की गोली मारकर हत्या करने के दोषी सुरेंद्र कुमार को उम्रकैद और 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड न देने पर दोषी को एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

आगरा के बरहन थाना क्षेत्र के गांव मुरथर अलीपुर निवासी अतुल कुमार कुलश्रेष्ठ ने अपने मामा किशन कुमार की हत्या का मुकदमा 29 जुलाई 2004 को टूंडला थाने में दर्ज कराया था। उनके अनुसार किशन कुमार सेफुद्दीनपुर प्राथमिक स्कूल में शिक्षक थे और उस दिन बाइक से उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर में अपनी ससुराल जा रहे थे। मदावली के पास सुरेंद्र कुमार, उसके पिता रमेशचंद्र दुबे निवासी मुरथर अलीपुर थाना बरहन (आगरा), उसके छोटे बहनोई निवासी आरोंज थाना शिकोहाबाद और दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया, जिसके बाद सुरेंद्र कुमार ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।

मुकदमे में यह भी कहा गया कि इस घटना से पहले भी किशन कुमार पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें एडीजे-15 आगरा की अदालत से 22 जुलाई 2004 को आरोपित बरी हो गए थे। इसके बाद हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। विवेचक ने सुरेंद्र कुमार के खिलाफ चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत की।

अभियोजन पक्ष से पैरवी कर रहे सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अजय शर्मा के अनुसार विशेष न्यायाधीश दस्यु प्रभावित क्षेत्र रमेश चंद्र द्वितीय की अदालत ने सुरेंद्र कुमार को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।

इसी तरह, दुष्कर्म और किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में न्यायालय ने दोषी रामकुमार को उम्रकैद और एक लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। एका थाने में 17 जनवरी 2023 को दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार रामकुमार निवासी गांव अकौना थाना राठ हमीरपुर 15 जनवरी 2023 को मिट्टी खोदाई के दौरान नाबालिग बेटी को पकड़कर ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसकी पत्नी ने यह देख लिया था। शराब पीकर दो दिन बाद उसने बेटी के साथ गालीगलौज की थी, जिससे आहत होकर बेटी ने झोपड़ी में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था। अभियोजन पक्ष से पैरवी एडीजीसी अजमोद कुमार चौहान ने की। अपर सत्र न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट संख्या-तीन निर्दोष कुमार ने रामकुमार को सजा सुनाई।