बंगाल की खाड़ी में एक महीने में चौथे संभावित चक्रवात की आहट है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 29 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर में चक्रवाती परिसंचरण और 30 नवंबर तक दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। तूफान में बदलने पर इसका नाम 'कानी' होगा, जो मालदीव द्वारा सुझाया गया है। एक से चार दिसंबर के बीच समुद्री हलचल बढ़ने का अनुमान है। संभावित रुख श्रीलंका-तमिलनाडु की ओर है, लेकिन दिशा बदलने पर ओडिशा, बंगाल और झारखंड प्रभावित हो सकते हैं।
राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी के अनुसार पिछले 10 वर्षों में ओडिशा को 13 चक्रवातों से 15,457 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इन आपदाओं में 156 लोगों और 55.63 लाख पशु-पक्षियों की मौत हुई तथा 8.20 लाख घर तबाह हुए।
राज्य ने 880 आश्रय स्थल, सतर्क एप और अलर्ट सिस्टम विकसित किए हैं। आपदा में मौत पर मुआवजा चार से बढ़ाकर आठ लाख रुपये किया गया है। राहत के नाम पर राज्य को करीब 30 प्रतिशत केंद्रीय सहायता मिली।
इस वर्ष अर्णब, मुरासु और अकवान ने भी फसलों तथा तटीय जिलों को नुकसान पहुंचाया। इससे पहले तितली, फनी, बुलबुल, अम्फान, यास और दाना जैसे चक्रवात आ चुके हैं।
