बालेश्वर जिले के नीलगिरि ब्लॉक के सजनागड़ पंचायत स्थित भालुकाशुणि गांव निवासी स्वतंत्रता सेनानी साहू सिंह की 92 वर्षीय पत्नी पार्वती देवी पिछले 12 साल से बंद पेंशन के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं। साहू सिंह नीलगिरि गढ़जात प्रजा आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे और महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर आजादी के संघर्ष में शामिल हुए थे। पार्वती के अनुसार अंग्रेजों से बचने के लिए उनके पति को तीन साल तक घर छोड़कर छिपकर रहना पड़ा था। दस्तावेजों में त्रुटि के कारण साहू सिंह को वर्षों तक पेंशन का लाभ नहीं मिला; लंबे संघर्ष के बाद 2002 में पहली बार उन्हें 700 रुपये मासिक पेंशन स्वीकृत हुई। 2014 में निधन के समय उन्हें तीन हजार रुपये प्रतिमाह मिल रहे थे और दो मई 2014 को उन्होंने अंतिम बार बैंक से पेंशन की राशि निकाली थी।

सरकारी प्रावधान के अनुसार स्वतंत्रता सेनानी के निधन के बाद उनकी पत्नी को पारिवारिक पेंशन मिलनी चाहिए, लेकिन पार्वती को पिछले 12 वर्षों से पेंशन नहीं मिल रही है। वह बालेश्वर से भुवनेश्वर तक अधिकारियों, विधायकों और सांसदों से गुहार लगा चुकी हैं, पर कहीं सुनवाई नहीं हुई। उम्र के इस पड़ाव में वह नाती का सहारा लेकर अपने अधिकार के लिए संघर्ष कर रही हैं।

पार्वती की अपनी कोई संतान नहीं है। वह अपने भतीजे के बेटे नीलमाधव और नातिन बहू ज्योति के साथ भालुकाशुणि चौक के पास नीलगिरि-उदला राज्य राजमार्ग किनारे पॉलीथिन की छत के नीचे रह रही हैं। नीलमाधव चाय की दुकान चलाते हैं, जबकि 92 साल की पार्वती सड़क किनारे बैठकर धानुआलंक बेचकर परिवार की मदद करती हैं। परिवार के पास न पक्का मकान है और न आय का कोई स्थायी साधन। हैरानी की बात यह है कि उन्हें अब तक आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला है।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी को उनका अधिकार देने में इतनी देरी क्यों हो रही है और क्या 92 वर्ष की पार्वती को जीते-जी न्याय मिल पाएगा।