गया के बाराचट्टी प्रखंड की दिवनीया पंचायत के चांदो गांव में एक भावुक दृश्य सामने आया। धनु यादव को अचानक तेज बुखार आने के बाद गया स्थित मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को चांदो गांव स्थित घर लाया गया, जहां परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार के लोग अंतिम संस्कार के लिए मंझले बेटे अनिल कुमार यादव के घर लौटने का इंतजार कर रहे थे। अनिल कुमार यादव एक आपराधिक मामले में शेरघाटी जेल में बंद थे। पिता के निधन के बाद उन्हें 15 दिनों की पैरोल मिली और बुधवार को वे घर पहुंचे, जिसके बाद देर शाम धनु यादव का अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम यात्रा के दौरान परिवार का एक और भावुक दृश्य देखने को मिला। धनु यादव की बड़ी बहू रिंकी कुमारी ने अपने ससुर की अर्थी को कंधा दिया। उनके इस कदम की ग्रामीणों ने सराहना की। गांव से निकली अंतिम यात्रा श्मशान घाट पहुंची, जहां नम आंखों से धनु यादव को अंतिम विदाई दी गई।

अंतिम संस्कार के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष शीतल प्रसाद यादव, राजद नेत्री तनुश्री मांझी, दिवनीया पंचायत के मुखिया राजू यादव और हम नेता बालेश्वर यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की। धनु यादव के निधन पर जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव, रामनवमी मेला समिति सुलेबटा के अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह और जदयू नेता अभिषेक कुमार उर्फ चिंटू ने भी गहरा दुख जताया।