गाजियाबाद के शाहपुर बम्हैटा स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रीन्स इंटीग्रेटेड टाउनशिप में करीब 20 साल से अधूरे पड़े विकास कार्यों को लेकर रविवार को निवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। एसएमवी एजेंसी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विकसित इस टाउनशिप में लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग को लेकर निवासियों ने अनिल यादव की अध्यक्षता में बैठक की और कंपनी के प्रति नाराजगी जताई। बैठक में बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए।
निवासियों का कहना है कि वर्ष 2006 से विकास कार्य अधूरे पड़े हैं और बार-बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। निवासियों के आक्रोश को देखते हुए कंपनी के अधिकारी विशाल श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निवासियों की समस्याएं सुनीं और जल्द ही लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
कंपनी अधिकारी के आश्वासन के बाद निवासियों ने फिलहाल अपना विरोध शांत किया, लेकिन स्पष्ट कर दिया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को धरातल पर पूरा होते देखना चाहते हैं। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी की ओर से किए गए वादे के अनुसार विकास कार्य शुरू नहीं कराए गए तो आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत कंपनी के मुख्यालय और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
निवासियों का कहना है कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अब वे इस मामले में ठोस कार्रवाई चाहते हैं। बैठक में सुशील शर्मा, प्रेम सिंह, मनोज, सत्येंद्र, जयवीर सिंह, जुगेंद्र सिंह, धर्मेंद्र शर्मा और केसर सिंह समेत बड़ी संख्या में टाउनशिप के निवासी मौजूद रहे।
