हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग और गिरिडीह जिलों में आभूषण शोरूम और बैंक में लूट की साजिश रच रहे एक अंतरराज्यीय गिरोह के नौ सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बरही के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राधा प्रेम किशोर ने रविवार को यह जानकारी दी।
एसडीपीओ के अनुसार, गिरोह के चार सदस्यों को शनिवार को हजारीबाग जिले के चौपारण इलाके से हथियारों और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरिडीह पुलिस ने हजारीबाग पुलिस को सूचना दी थी कि गिरिडीह और बोकारो जिलों में एक आभूषण की दुकान और बैंक में लूट की योजना बना रहे पांच अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, उनके कुछ साथी शनिवार को एक सफेद कार से हजारीबाग के चौपारण की ओर भागने में सफल रहे।
इसके बाद एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने सिंघरावां ओवरब्रिज के पास एक सफेद कार को देखा और उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा कर कार को रोक लिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें दो बिहार और दो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से दो देसी पिस्तौल, एक देसी बंदूक, नौ जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए। इससे पहले गिरिडीह पुलिस ने शनिवार को पांच लोगों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। वे सभी उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं।
