कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने अंशधारकों को बैंक जैसी सुविधाएं देने की तैयारी में है। ईपीएफओ प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने विशेष बातचीत में बताया कि 'ईपीएफओ 3.0' परियोजना के तहत अंशधारक यूपीआई और डेबिट कार्ड के जरिये अपने पीएफ खाते में पैसा जमा और निकाल सकेंगे। बैंक की तरह ब्याज भी तुरंत मिलेगा।

कृष्णमूर्ति के अनुसार, यूपीआई से पैसा निकालने के लिए जरूरी तकनीकी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और यह योजना कभी भी लागू की जा सकती है। शुरुआत में 25,000 रुपये तक की निकासी की सुविधा मिलेगी। भीम यूपीआई पर एक सरल 'क्लेम एप्लीकेशन' तैयार किया गया है, जिसमें जमा राशि और निकाली जा सकने वाली रकम देखी जा सकेगी। शुरू में एक दिन या सप्ताह में एक बार निकासी की सुविधा होगी। इससे अधिक राशि के लिए क्लेम फॉर्म संख्या 31 भरना होगा। इस परीक्षण में ईपीएफओ, भारतीय स्टेट बैंक और एनपीसीआई शामिल हैं।

ईपीएफओ 3.0 के तहत मौजूदा 'मेंबर लेजर' को पूरी तरह कोर बैंकिंग में बदला जाएगा, जिससे खाता देखना, पैसा जमा करना और निकालना आसान होगा। संगठन का लक्ष्य इस सुविधा को एक साल के भीतर शुरू करना है। कृष्णमूर्ति ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता में असंगठित क्षेत्र के गिग कर्मचारियों को भी सामाजिक सुरक्षा योजना से जोड़ने का प्रावधान है। ऐसे लोगों के लिए यूपीआई, क्यूआर कोड, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड से भुगतान की सुविधा पर ईपीएफओ काम कर रहा है।

इससे पहले ईपीएफओ ने एक नवंबर को व्हाट्सऐप सेवा शुरू की थी, जिसके जरिये पीएफ जमा राशि और पासबुक देखी जा सकती है। कृष्णमूर्ति के मुताबिक, तीन सप्ताह में ही करीब 1.25 करोड़ सदस्य इसका उपयोग करने लगे हैं। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) ने इसी महीने यूएएन से जुड़ी स्वैच्छिक अंशदान व्यवस्था और तीसरे पक्ष के छोटे अंशदान की सुविधा को भी मंजूरी दी है।