सोने के दामों में लगातार गिरावट के कारण गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की परेशानी बढ़ गई है। बैंक और एनबीएफसी कंपनियां घटी कीमत के अनुपात में अतिरिक्त प्रतिभूति राशि जमा करने के लिए नोटिस भेज रही हैं। चांदपुर (बिजनौर) में लोन लेने वाले ग्राहकों की टेंशन बढ़ गई है।
चांदपुर (बिजनौर)। सोने के दामों में लगातार आ रही गिरावट से सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहकों की परेशानी बढ़ गई है। आरबीआई की सख्ती के बाद एनबीएफसी कंपनियों और कुछ बैंकों द्वारा ग्राहकों को सोने की घटी कीमत के अनुपात में प्रतिभूति राशि जमा कराने के लिए नोटिस भेजे जा रहे हैं। मार्जिन की कमी पूरी न होने की स्थिति में गिरवी रखा सोना नीलामी तक पहुंच सकता है।
जानकारी के अनुसार, जनवरी 2026 में सोने की कीमत 1.83 लाख रुपये प्रति दस ग्राम थी, जो नवंबर में घटकर 1.30 लाख रुपये प्रति दस ग्राम हो गई। इससे ऊंचे भाव में कर्ज लेने वाले ग्राहकों पर दबाव बढ़ा है। बैंक सोना गिरवी रखने के बाद अधिकतम एक साल के लिए गोल्ड लोन देते हैं और सोने की कीमत की जांच के बाद अधिकतम 80 प्रतिशत एलटीवी के आधार पर ऋण जारी करते हैं।
गोल्ड लोन देने वाली एनबीएफसी कंपनियां ग्राहकों को एसएमएस के जरिये नोटिस भेज रही हैं, जिनमें घटी कीमत के अनुपात में प्रतिभूति धनराशि या अतिरिक्त सिक्योरिटी जमा करने को कहा जा रहा है। राष्ट्रीयकृत बैंक भी आरबीआई की सख्ती के बाद ग्राहकों को मैसेज भेजने लगे हैं। कस्बे के मुहल्ला सरायरफी निवासी रईस अहमद ने बताया कि उन्होंने बीस ग्राम सोना रखकर दो लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। अब लोन देने वाली कंपनी ने उन्हें घटी कीमत के अनुपात में 16 हजार रुपये प्रतिभूति के रूप में जमा कराने का मैसेज भेजा है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।
