आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कार्तिकेय मिश्रा और टोल प्लाजा कर्मियों के बीच पहचान पत्र को लेकर विवाद हो गया। घटना के बाद टोल संचालक कंपनी ने अपने पांच कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है।

जानकारी के अनुसार, कार्तिकेय मिश्रा विजयवाड़ा से अमरावती जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर वेंकटपालेम टोल प्लाजा पर उनकी कार रोकी गई। कार पर लाल बत्ती, झंडा या सरकारी चिह्न नहीं लगा था। सूत्रों के हवाले से खबरों में कहा गया है कि टोल कर्मी को कार में बैठे अधिकारी नजर नहीं आए, इसलिए उसने ड्राइवर से टोल टैक्स मांगा।

ड्राइवर ने बताया कि यह मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की गाड़ी है, तो टोल कर्मी ने पहचान पत्र दिखाने को कहा। इस पर ड्राइवर और टोल कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई और दो अन्य कर्मी भी इसमें शामिल हो गए। बहस बढ़ने पर कार्तिकेय मिश्रा ने खुद हस्तक्षेप किया और कर्मचारियों के रवैये पर आपत्ति जताई। टोल कर्मियों ने बूम बैरियर उठा दिया, लेकिन अधिकारी करीब 10 मिनट तक वहां रुके रहे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी लेकर वहां से निकले।

सूत्रों के मुताबिक, बाद में कार्तिकेय मिश्रा ने विजयवाड़ा और अमरावती के एनएचएआई अधिकारियों को अपने कार्यालय में बुलाया और टोल संचालक एजेंसी स्काईलार्क इन्फ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के पांच कर्मचारियों को हटाने को कहा। इनमें तीन टोल कर्मी, एक पर्यवेक्षक और एक शिफ्ट प्रभारी शामिल हैं। उसी शाम इन पांचों को नौकरी से निकाल दिया गया।

इस विवाद पर प्रतिक्रिया मांगे जाने पर कार्तिकेय मिश्रा ने केवल एक शब्द कहा कलियुग। वहीं, एनएचएआई मुख्यालय में आंध्र प्रदेश के टोल बूथों के प्रभारी महाप्रबंधक विपिन मंगला ने घटना की जानकारी होने की बात कही, लेकिन आगे कुछ बोलने से इनकार कर दिया। बता दें कि कार्तिकेय मिश्रा के पास मुख्यमंत्री कार्यालय में आईटी, उद्योग, बुनियादी ढांचा और परिवहन सहित 11 महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है। विजयवाड़ा बाईपास पर स्थित वेंकटपालेम टोल प्लाजा पहले भी विवादों में रहा है। एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों और गैर-व्यावसायिक वाहनों को मुफ्त सर्विस रोड का उपयोग करने की अनुमति है, लेकिन टोल कर्मचारी अक्सर बैरिकेड लगाकर सर्विस रोड का रास्ता बंद कर देते हैं और टोल वसूलते हैं। अगस्त में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति चीमलपाटी रवि ने स्थानीय यात्रियों की याचिका पर सुनवाई करते हुए टोल संचालक और एनएचएआई को सर्विस रोड से बैरिकेड हटाने का अंतरिम आदेश दिया था।