भोजपुर जिले के कोईलवर की रहने वाली राधिका देवी ने रिटायरमेंट की उम्र में अपने कपड़े के कारोबार को बड़ा किया है। उनके घर पहले कपड़े की छोटी दुकान थी, जिससे घर का खर्च तो चल जाता था, लेकिन भविष्य के लिए बचत नहीं हो पाती थी। राधिका के मन में घर-परिवार के लिए कुछ करने की इच्छा थी। इसी सोच के साथ उन्होंने 2015 में जीविका दीदी समूह से जुड़कर अपनी छोटी दुकान को बड़ा करने की ठानी। जीविका योजना की शुरुआत 2006 में नीतीश कुमार ने की थी।
राधिका देवी ने जीविका समूह से डेढ़ लाख रुपये निकाले और कुछ अपने पैसे मिलाकर अपनी छोटी कपड़े की दुकान को बड़ी दुकान में तब्दील कर दिया। धीरे-धीरे उनकी आमदनी बढ़ी और जो बचत हुई, उससे उन्होंने एक और कपड़े की दुकान शुरू की। अब उनके पास कपड़े के दो मॉल हैं और उन्होंने तीन-चार लोगों को रोजगार भी दिया है।
राधिका दीदी ने बताया कि भोजपुर जिले के बबुरा और जमालपुर मठिया में उनका कपड़े का मॉल है। उनके यहां से 10 से 12 लाख रुपये का माल दूसरे शहरों में जाता है। दुकान में स्टाफ रखा गया है और स्टाफ को सैलरी देने के बाद उनकी डेढ़ से सवा लाख रुपये की बचत हो जाती है। अब वे सोच रही हैं कि जीविका समूह से कुछ और रुपये लेकर अपने काम को और आगे बढ़ाएं।
