सहारनपुर के सदर बाजार थाने में प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय में समझौते के दौरान एक आरोपित ने पीड़ित दुकानदार को कथित तौर पर गोली मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। थाना प्रभारी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है।
सहारनपुर। सदर बाजार थाने में प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय में समझौते के दौरान एक आरोपित ने पीड़ित दुकानदार को कथित तौर पर गोली मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने पीड़ित से गाली-गलौज और अभद्रता भी की। पुलिस की मौजूदगी में कथित तौर पर दी गई इस धमकी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
मामला हसनपुर चुंगी के पास स्थित महादेव कालोनी का है, जहां रहने वाले अमन यादव की कृष्णा एंटरप्राइजेज नाम से प्लाईवुड की दुकान है। बताया गया है कि कुछ दिन पहले पांच-छह नकाबपोश युवक दुकान पर पहुंचे और लाठी-डंडों से हमला कर उत्पात मचाया। इस घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चल रही थी।
आरोपित पक्ष का एक व्यक्ति सदर बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय पहुंचा, जहां अमन यादव के सामने उसने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस कार्यालय में हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस की मौजूदगी और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, जो उन्होंने लिखित में दिया था। गाली-गलौज का वीडियो उनके संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
