सहारनपुर में पिछले 15 दिनों में भवन निर्माण सामग्री के दामों में गिरावट दर्ज की गई है। सरिया 62 हजार रुपये प्रति टन से घटकर 60 हजार रुपये प्रति टन पर आ गया है, यानी प्रति टन दो हजार रुपये की कमी हुई है। रोडी 68 रुपये से घटकर 65 रुपये प्रति क्विंटल, रेत 35 रुपये से घटकर 32 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गई है। डस्ट के दाम में भी तीन रुपये प्रति घन फुट की कमी बताई जा रही है।

मल्हीपुर रोड पर भवन निर्माण सामग्री के विक्रेता आशुतोष, महकार सिंह और अजेंद्र के अनुसार, बाजार में आपूर्ति बढ़ने से कीमतों में नरमी आई है और फिलहाल मांग व आपूर्ति के बीच संतुलन बनने से दाम नीचे आए हैं। कारोबारियों का मानना है कि जीएसटी कम होने और कच्चे माल की आपूर्ति सही ढंग से होने के कारण बाजार में गिरावट आई है। आपूर्ति बेहतर रहने पर आने वाले 15 दिनों में कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

सरिया के दाम घटने से छत डालने और लेंटर का काम कराने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा, क्योंकि निर्माण कार्य में सरिया की बड़ी मात्रा में खपत होती है। रेत, रोडी और डस्ट की नियमित खपत को देखते हुए इनके सस्ते होने से मकान निर्माण की लागत में राहत मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमतों के कारण कई लोग, खासकर मध्यमवर्गीय परिवार, मकान बनाने की योजना टाल रहे थे। अब दामों में गिरावट से ऐसे लोगों को निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने का मौका मिल सकता है, जबकि जिनका निर्माण कार्य पहले से चल रहा है, उन्हें आगे की खरीदारी में राहत मिलेगी।