विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। मीना बाजार से नखास रोड और लकड़ी बाजार से चिड़िया बाजार तक दुकानों की लंबी कतारें सजी हैं। रंग-बिरंगी रोशनी और खरीदारी की चहल-पहल के बीच मेला क्षेत्र में सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है। मेले में छोटी-बड़ी मिलाकर एक हजार से अधिक दुकानें सज चुकी हैं, जबकि 50 छोटे-बड़े झूले लोगों के मनोरंजन का केंद्र बने हुए हैं। दुकानों के विस्तार का सिलसिला अभी जारी है।

मुख्य मेला क्षेत्र में हरिहरनाथ थाना से मीना बाजार थाना, ड्रोलिया सिंदूर चौक, नखास रोड, शहीद महेश्वर चौक, गज-ग्राह चौक, लकड़ी बाजार रोड और चिड़िया बाजार रोड तक दुकानें लगी हैं। घोड़ा बाजार रोड पर भी बड़ी संख्या में दुकानें सजी हैं। हरिहरनाथ थाना से हरिहरनाथ चौक तक करीब 100 दुकानें हैं, मीना बाजार रोड पर 125 और नखास रोड पर लगभग 200 दुकानें लगी हैं। महिलाओं की खरीदारी के लिए मीना बाजार की कई दुकानें खुली हैं, जबकि लकड़ी बाजार रोड पर फिरोजाबादी चूड़ियों की 12 दुकानों के साथ अचार, जलेबी, छोले-भटूरे, बिरयानी और पिज्जा के स्टॉल भी सजे हैं।

झूलों के अलावा मारुति सर्कस, जादूगरों के शो, जलपरी प्रदर्शन और धार्मिक झांकियां सैलानियों को आकर्षित कर रही हैं। मेले में तीन अलग-अलग स्थानों पर जादूगर अपने करतब दिखा रहे हैं, जबकि राम मंदिर और चार धाम यात्रा की झांकियां श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। गाय बाजार के दोनों डिजनीलैंड में नौ बड़े और 10 छोटे झूले लगाए गए हैं, जहां भूत बंगला, चारों धाम यात्रा, दो सुपर ड्रैगन ट्रेन और मेगा जलपरी शो प्रमुख आकर्षण हैं। बैलून और रिंग शूटिंग, बॉल गेम तथा टैटू हाउस में भी युवा रुचि ले रहे हैं। रंग-बिरंगे झूलों और विविध प्रदर्शनों के बीच बच्चों से लेकर युवाओं तक में मेले को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।