गाजियाबाद में जनगणना के दूसरे चरण के तहत ऑनलाइन स्वगणना की रफ्तार धीमी बनी हुई है। जिले में अब तक केवल 21,682 लोगों ने स्वगणना पूरी की है। जिले में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना के लिए समय सीमा निर्धारित की गई है, यानी इसके लिए अब सिर्फ चार दिन बचे हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 25,257 लोगों ने स्वगणना के लिए फॉर्म खोला, जिनमें से 21,682 ने फॉर्म भरकर जमा कर दिया है। लोगों को वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के लिए कहा गया है।

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर गणना का कार्य करेंगे। इसके लिए प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

जिलाधिकारी के मुताबिक, 30 नवंबर तक अधिक से अधिक लोग ऑनलाइन स्वगणना कर सकें, इसके लिए विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।