खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती राजेंद्र चौहान की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। यह मामला चर्चा में इसलिए है क्योंकि चार दिन पहले पुलिस ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था, जबकि उस समय वह जीवित थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव चंदन चौहान को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार किया गया। चंदन चौहान ने बताया कि इस बार अंतिम संस्कार में 23 नवंबर की तुलना में काफी कम लोग शामिल हुए।

राजेंद्र चौहान को करीब एक महीने पहले महेश्वर से गंभीर हालत में खरगोन जिला अस्पताल लाया गया था। पहचान न होने के कारण उन्हें अज्ञात मरीज के रूप में आईसीयू में भर्ती किया गया था। बाद में वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान ने उन्हें अपने परिचित के रूप में पहचाना। 19 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर दोबारा भर्ती करना पड़ा।

अस्पताल में भर्ती राजेंद्र की जानकारी और फोटो पुलिस के व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा की गई थी। आरोप है कि अस्पताल पुलिस चौकी पर तैनात प्रधान आरक्षक वहाब खान ने संदेश ठीक से पढ़े बिना राजेंद्र की मौत की सूचना चंदन चौहान को दे दी, जिसकी अस्पताल प्रबंधन से पुष्टि भी नहीं की गई। कंट्रोल रूम के दो पुलिसकर्मियों ने भी यही सूचना परिजनों तक पहुंचा दी। पुलिस की गलत सूचना पर 23 नवंबर को खरगोन, बड़वानी, खंडवा सहित कई क्षेत्रों से परिजन और वासुदेव समाज के लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंच गए थे, बाद में पता चला कि राजेंद्र जीवित हैं। चंदन चौहान ने एसपी से शिकायत कर गलत सूचना देने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी।

एसपी रविंद्र वर्मा ने मामले की जांच खरगोन एसडीओपी सौरभ तोमर को सौंपी है। प्रधान आरक्षक वहाब खान सहित जितेंद्र रावत और माधव सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।