ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में स्थित मगध इन गर्ल्स हॉस्टल (ओल्ड कैंपस) की कैंटीन में छात्राओं को परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। भोजन में कीड़े की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। छात्राओं ने इस घटना के बाद विरोध प्रदर्शन किया और खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि हॉस्टल की सालाना लाखों रुपये की फीस चुकाने के बावजूद उन्हें कीड़ेयुक्त भोजन दिया जा रहा है। छात्राओं ने प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है।

छात्राओं का आरोप है कि इससे पहले भी कई मौकों पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई जा चुकी है। उनके मुताबिक, कैंटीन के रसोईघर में स्वच्छता का पूरा ध्यान नहीं रखा जाता। खाना ज्यादातर समय खुला रहता है, जिस पर मक्खियां और मच्छर मंडराते रहते हैं और बड़े कीड़े भी उसमें जा पड़ते हैं। आरोप है कि इसके बावजूद प्रबंधन बिना किसी जांच के वही खाना छात्रों को परोस देता है। शहर के कई अन्य हॉस्टलों और विश्वविद्यालय की कैंटीन में भी खाने में कीड़े मिलने की बातें पहले सामने आ चुकी हैं।

जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सर्वेश कुमार के अनुसार, मामला सोशल मीडिया के जरिये विभाग के संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के लिए एक टीम भेजी जाएगी, जो वहां जाकर भोजन के नमूने संग्रहित करेगी।