कन्नौज और जालौन में पुलिस टीमों पर हमले के मामले में दारोगा समेत तीन सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में कुल 14 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, उन्नाव की मगरवारा चौकी परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला भी सामने आया है।
कन्नौज में समधन के आजाद नगर निवासी जाने आलम ने बुधवार रात पुलिस को सूचना दी थी कि गर्दाबाद निवासी उरूज उर्फ करिया ने रंजिश के चलते उन पर हमला कर तमंचे से फायरिंग की है। कोतवाली प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने रात में दबिश दी, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे समधन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूर्यप्रकाश उपाध्याय, सिपाही सत्यप्रकाश और आदेश कुमार ने उसके घर पर दबिश दी, जहां ताला लगा मिला। पूछताछ के दौरान उरूज के स्वजन और पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों ने पुलिस टीम से अभद्रता शुरू कर दी और हमला बोल दिया। आरोप है कि दारोगा और सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और दारोगा का गला दबाया गया। पुलिसकर्मियों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। एसपी विनोद कुमार के अनुसार घटनास्थल पर पीएसी तैनात की गई है और सात आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
जालौन के उरई सदर कोतवाली क्षेत्र के राठ रोड पर बुधवार रात करीब 10 बजे कार और बाइक में टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवारों ने अपने साथियों को बुलाकर कार सवारों के साथ मारपीट की। ट्रैफिक सिपाही हेम सिंह चाहर मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपितों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिया और वर्दी फाड़ दी। सीओ सिटी राजेश कमल के अनुसार ट्रैफिक सिपाही की तहरीर पर सदर कोतवाली में सात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस की छवि धूमिल करने और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्नाव की मगरवारा चौकी में पुलिस की मौजूदगी न होने के कारण बुधवार रात परिसर में दो पक्षों ने मारपीट की। शिकायत लेकर पहुंचे एक पक्ष को दूसरे पक्ष ने लात-घूंसों और ईंट से पीटा। करीब 30 मिनट तक हंगामा चला और किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित कर दिया। यूपी-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मगरवारा निवासी प्रज्ञा सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित लकी सिंह और रिवांशु सिंह को जेल भेजा गया है। चर्चा है कि सदर कोतवाली के हनुमान मंदिर का बुधवार को जीर्णोद्धार हुआ था और उसके भंडारे का प्रसाद लेने पुलिसकर्मी चौकी छोड़कर गए थे, तभी यह घटना हुई।
