पश्चिम बंगाल के दादानपात्रबार में प्रस्तावित गहरे समुद्र बंदरगाह परियोजना को लेकर तैयारियां आगे बढ़ रही हैं। केंद्रीय उपक्रम राइट्स की निगरानी में संबंधित क्षेत्र में जमीन का निरीक्षण और प्रारंभिक सर्वेक्षण शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इसे परियोजना की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। हालांकि, निर्माण शुरू होने और बंदरगाह के चालू होने की समयसीमा अभी स्पष्ट नहीं है।

राज्य सरकार ने पहले पूर्व मेदिनीपुर के ताजपुर में गहरे समुद्र बंदरगाह की योजना बनाई थी, लेकिन जमीन की उपलब्धता से जुड़ी अड़चनों के कारण जून 2026 में दादानपात्रबार को नया स्थान चुना गया। यह इलाका मंदारमणि के समीप और ताजपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। राज्य सरकार के अनुसार यहां करीब 1,700 एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध है।

बंदरगाह निर्माण से पहले क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, समुद्र की गहराई, जमीन की गुणवत्ता और तकनीकी अनुकूलता का आकलन जरूरी है। इसके लिए आईआईटी खड़गपुर को समुद्र की गहराई मापने और तकनीकी सर्वेक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं राइट्स ने अपतटीय और तटीय भू-तकनीकी जांच के लिए एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। इन जांचों के आधार पर परियोजना की व्यवहार्यता और आगे की कार्ययोजना तय होगी।

गहरे समुद्र बंदरगाह विकसित होने से बंगाल में समुद्री व्यापार और माल ढुलाई की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। भंडारण, परिवहन और लाजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में भी नई गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। परियोजना से करीब पांच हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान जताया गया है, जिससे पूर्व मेदिनीपुर और आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। कुल निवेश, निर्माण की समयसीमा और परिचालन शुरू होने की तारीख पर अभी अंतिम जानकारी नहीं है।