मुंबई के माहिम इलाके में पीसी जैन ज्वेलर्स स्टोर पर बुधवार शाम दो अज्ञात हमलावरों ने मोटरसाइकिल से आकर तीन राउंड फायरिंग की और फिर बांद्रा की तरफ भाग गए। पुलिस ने शुरुआती जांच के हवाले से गुरुवार को बताया कि दुकान मालिक भरत जैन से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। हमलावरों ने हेलमेट पहन रखे थे।

जांचकर्ताओं को शक है कि फायरिंग का मकसद जैन को डराना और रंगदारी देने के लिए दबाव डालना था। पुलिस के मुताबिक, दुकान मालिक को पिछले एक महीने से लगातार वाट्सएप मैसेज और फोन कॉल के जरिये धमकियां मिल रही थीं। चूंकि ये धमकियां अनजान मोबाइल नंबरों से आई थीं, इसलिए जैन ने शुरू में इन्हें स्पैम समझकर नजरअंदाज कर दिया और पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई।

फायरिंग के बाद भेजे गए धमकी भरे आखिरी संदेश में कथित तौर पर लिखा था कि ज्यादा दिमाग मत चलाओ, तुम्हारी जन्म कुंडली हमारे पास है। चाहे जेड-प्लस सुरक्षा ही क्यों न ले लो, पैसे तो तुम्हें देने ही पड़ेंगे। यदि यमराज के दर्शन करने हैं तो ठीक है, वरना 10 करोड़ रुपये देने होंगे।

पुलिस मामले को सुलझाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हमले के बाद भागे दोनों हमलावरों की पहचान और पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।