महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने नवी मुंबई के नेरुल स्थित बिगबास्केट के खाद्य भंडारण और वितरण केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। 21 नवंबर को किए गए निरीक्षण में परिसर में चूहों की मौजूदगी के संकेत और खाद्य पदार्थों के साथ सिगरेट बेचे जाने की बात सामने आई थी। एफडीए ने 25 नवंबर को यह कार्रवाई की।

एफडीए ने इनोवेटिव रिटेल कान्सेप्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (बिगबास्केट) के इस गोदाम का निरीक्षण किया था, जिसमें यूनिट को 196 में से 127 अंक (65 प्रतिशत) मिले और इसे नान-कंप्लायंस श्रेणी में रखा गया। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों के साथ सिगरेट बेचे जाने और चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले। खाने के तेल के फटे पैकेट, चूहों को पकड़ने के लिए पर्याप्त जाल न होना और कीट नियंत्रण कार्यक्रम का अभाव जैसी कमियां भी पाई गईं। खाद्य पदार्थों, पालतू जानवरों के भोजन और गैर-खाद्य वस्तुओं को एक ही रैक में रखा गया था, और 34 खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल जांच और टीकाकरण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे।

एफडीए ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की निगरानी में 72 घंटे के भीतर चूहों के कुतरे सामान, खाने के तेल के फटे पैकेटों तथा फर्श पर रखे खाद्य पदार्थों को नष्ट करने का आदेश दिया। सभी सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों को तत्काल हटाने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा नियामक ने कारण बताओ नोटिस जारी कर पूछा है कि लाइसेंस रद क्यों न किया जाए, जिसका जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। लाइसेंस बहाल करने पर विचार से पहले दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।

इसके साथ ही रायगढ़ जिले के कर्जत तालुका में होटल दिव्येश और पुष्पम रिसार्ट्स (संस्कृति सुइट्स एंड रिसार्ट) के लाइसेंस भी स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर निलंबित किए गए। कोंकण क्षेत्र में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ अभियान में 23 और 24 नवंबर को कुल 14,38,477 रुपये का प्रतिबंधित सामान जब्त किया गया।