कानपुर में जवाहर लाल नेहरू नेशनल अर्बन रिन्यूअल मिशन (जेएनएनयूआरएम) के तहत पेयजल योजना पर 869 करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन 19 साल बीत जाने के बाद भी शहर में जलापूर्ति बाधित है। 15 किलोमीटर घटिया पाइप के कारण बैराज स्थित 20-20 करोड़ लीटर के दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी। अब जल निगम ने नगर निगम से 138 करोड़ रुपये लेकर घटिया पाइप बदल दिया है।

जलापूर्ति में दिक्कत न आए, इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। यह समिति देखेगी कि कहां-कहां जलापूर्ति रुक रही है, ताकि कमियों को दूर करके जलापूर्ति की जा सके। जल निगम के मुख्य अभियंता आरके पंकज ने जांच कमेटी बनाई है, जिसमें अपर नगर आयुक्त द्वितीय, जलकल महाप्रबंधक और अधिशासी अभियंता, जल निगम शामिल हैं।

जेएनएनयूआरएम योजना के दूसरे चरण में मेसर्स रैमकी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद को 315 करोड़ रुपये के कार्य दिए गए थे, जिनमें वाटर ट्रीटमेंट के निर्माण व संचालन का काम शामिल था। इस मामले में संसद की लोक लेखा समिति के आदेश पर नगर विकास विभाग के विशेष सचिव की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने रिपोर्ट भेजी थी। इसके बाद 13 नवंबर 2026 को संसद की उप समिति की बैठक में योजना के निर्माण कार्यों की जांच और अधूरे कार्यों को पूरा कराने के आदेश दिए गए।

कमेटी 40 ओवरहेड टैंकों की जांच करेगी, जिन्हें चालू करना है। घरेलू पाइपों की भी अभी जांच नहीं हो पाई है। जलापूर्ति शुरू होने पर पता चलेगा कि कहां लीकेज है, जिसे ठीक किया जाएगा। जोनल पंपिंग स्टेशन, टंकियों और कनेक्शनों की भी जांच की जानी है।