गुरुग्राम के ईएसआईसी अस्पताल में एक महिला के ऑपरेशन के दौरान गर्भाशय में गाउन और तौलिया छोड़े जाने के मामले में 24 दिन बाद भी जांच शुरू नहीं हो पाई है। सीएमओ ने घटना के तत्काल बाद जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक कमेटी सिर्फ कागजों पर ही है। अब सीएमओ की ओर से सात सदस्यीय कमेटी के गठन की बात कही गई है।

शीतला कॉलोनी निवासी मंजू पांच माह की गर्भवती थीं। गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद परिजन उन्हें ईएसआईसी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों ने दवा देकर शिशु को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन नाल बाहर न निकलने के कारण ऑपरेशन करना पड़ा। इसके बाद भी महिला को रक्तस्राव होता रहा। हालत गंभीर होने पर उन्हें पार्क अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल बोर्ड को गर्भाशय के अंदर खून से सना गाउन और हाथ पोंछने वाला तौलिया मिला। इसके बाद उपचार में लापरवाही के आरोपों ने अस्पताल की चिकित्सकीय प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। महिला के पति ने पुलिस को शिकायत देकर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है। तब सीएमओ ने जांच के लिए कमेटी गठित करने को कहा था, लेकिन अब तक कमेटी सिर्फ कागजों पर ही है।

सीएमओ ने पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट लीक होने की जांच के लिए उसी दिन कमेटी गठित करने के निर्देश दिए थे, जबकि अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही के आरोपों और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की जांच अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। 24 दिन बाद अब सात सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। सीएमओ डॉ वीरेंद्र बसवाना ने कहा कि कमेटी मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर जल्द रिपोर्ट सौंपेगी और रिपोर्ट के आधार पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।