गाजियाबाद में बीते साल सड़क हादसों में कुल 400 लोगों की मौत हुई, जिनमें से 175 यानी करीब 44 प्रतिशत मौतें हिट एंड रन की घटनाओं में हुईं। सड़क हादसों को लेकर तैयार रिपोर्ट के मुताबिक जनपद में 1097 दुर्घटनाओं में 400 लोगों की जान गई और 849 लोग घायल हुए। हादसों के पीछे तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी प्रमुख कारण रहे।
रिपोर्ट के अनुसार हिट एंड रन के मामलों में सबसे बड़ी चुनौती टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान करना है। अंधेरे में हुए हादसों के बाद प्रत्यक्षदर्शियों की कमी और वाहनों की पहचान न हो पाने से पुलिस के सामने भी मुश्किल खड़ी होती है। हालांकि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे ऐसे मामलों की जांच में मदद कर रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक शाम छह बजे से देर रात तक हादसों का खतरा अधिक रहता है। शाम 6-9 बजे 61, रात 9-12 बजे 75, रात 12-3 बजे 64 और तड़के 3-6 बजे 22 लोगों की मौत हुई। इस दौरान सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन, भारी वाहनों की आवाजाही और कम दृश्यता दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं। कई मार्गों पर पर्याप्त रोशनी न होना और यातायात निगरानी कमजोर पड़ना भी स्थिति को गंभीर बनाता है।
मौत के कारणों में हिट एंड रन के बाद पीछे से टक्कर से 85, आमने-सामने टक्कर से 36 और खड़े वाहन में टक्कर से 12 लोगों की जान गई। सबसे अधिक मौतें अन्य मार्गों पर 225 हुईं, जबकि स्टेट हाइवे पर 71, एनएच पर 66 और एक्सप्रेसवे पर 38 लोगों की मौत हुई। एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह के अनुसार सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सभी स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं और जनपद में शून्य मृत्यु गलियारा (जेडएफडी) के तहत हादसों की रोकथाम पर काम हो रहा है।
