छठ पूजा के समाप्त होने के साथ ही गिरिडीह में ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 18 और 19 नवंबर को मौसम सामान्यतः शुष्क और सुहावना रहने की संभावना है। 18 नवंबर को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं और दिन में धूप निकलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 19 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दोनों दिनों में बारिश की संभावना बेहद कम है। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दोपहर में मौसम आरामदायक रहेगा।

गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड क्षेत्र में कार्तिक मास में छठ पूजा की समाप्ति के साथ ठंड का असर दिखने लगा है। खासतौर पर सुबह और रात में लोग हल्की ठंड महसूस करने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने और तापमान में और गिरावट आने की पूरी संभावना है। वर्तमान में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो-तीन डिग्री सेल्सियस नीचे बताया जा रहा है, जो आगे और कम हो सकता है। दिन में धूप खिली रहने के बावजूद सुबह और रात के तापमान में कमी देखी जा रही है।

बढ़ती ठंड के साथ लोग गरम कपड़ों की ओर रुख करने लगे हैं। स्वेटर, जैकेट और शाल जैसे ऊनी कपड़े अलमारियों से बाहर निकलने लगे हैं और बाजारों में भी गरम कपड़ों की खरीदारी शुरू हो गई है। सुबह के समय बच्चों को स्कूल भेजने वाले माता-पिता उन्हें गरम कपड़े पहनाने लगे हैं। ठंड की शुरुआत के साथ चाय-नाश्ते की दुकानों पर भी रौनक बढ़ गई है और सूप, मूंगफली तथा भुने हुए चने की मांग तेजी से बढ़ी है।

रेफरल अस्पताल डुमरी के डाक्टर एके सरकार ने बताया कि इस मौसम में सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि ठंड बढ़ने के साथ मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने गरम कपड़े पहनने, गरम पेय पदार्थों का सेवन करने और सर्दी-जुकाम से बचने के लिए इम्युनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।