गोवा में विधानसभा चुनाव से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनकी पार्टी अब गोवा में ही रहकर प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी और सरकार से सवाल पूछेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी गोवा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र भी जारी करेगी, लेकिन उन्होंने खुद चुनाव लड़ने की बात से इनकार किया। दीपके ने कहा कि वह युवाओं का साथ देने आए हैं।

दीपके ने कहा कि उनकी प्राथमिकता धारा 39ए को खत्म कराना है। उनके मुताबिक, स्थानीय लोगों के विरोध की वजह से यह धारा बीजेपी के लिए दुखती रग बन गई है और सीजेपी ने सीधे इसी मुद्दे को आगे किया है। सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि पार्टी गोवा में लंबे समय के लिए आई है और यहां लंबा खेल चलेगा। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं। रांका ने कहा कि सीजेपी के सदस्य छोटे ब्रेक पर थे, इसीलिए वे कुछ समय के लिए शांत थे।

गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम 1974 में 2024 में संशोधन करके धारा 39ए जोड़ी गई थी। इसके तहत बोर्ड की मंजूरी के बाद किसी भी भूखंड का जोन बदला जा सकता है। इसके लिए जनता से आपत्तियां मांगी जाती हैं और आपत्ति दर्ज कराने के लिए केवल 30 दिन का समय दिया जाता है। स्थानीय लोग इस धारा को हटाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा और उद्योगपतियों व रसूखदारों का पक्ष मजबूत होगा। धारा 39ए के जरिए कृषि योग्य और वन की जमीनों को भी निर्माण या शहरी विकास के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

दीपके ने कहा कि अब सीजेपी अपनी पहचान और जमीन के लिए लड़ाई लड़ेगी और पार्टी के घोषणापत्र में धारा 39ए के खिलाफ लड़ाई को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गोवा की संस्कृति को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।