त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद पिछले दस दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान आनंद सिकरी के अनुसार दिवाली के दौरान 24 कैरेट सोना करीब 1 लाख 45 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब घटकर करीब 1 लाख 34 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है। इसी तरह चांदी का भाव करीब 1 लाख 98 हजार रुपये प्रति किलो से गिरकर करीब 1 लाख 70 हजार रुपये प्रति किलो पर आ गया है। यानी दस दिनों में सोना करीब 11 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब 28 हजार रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है।
आनंद सिकरी ने बताया कि फेस्टिवल सीजन में खरीदारी की मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी बनी हुई थी, लेकिन त्योहारी मांग समाप्त होने के बाद अब भाव में लगातार नरमी आ रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव, डालर की मजबूती और निवेशकों की ओर से मुनाफावसूली का असर भी कीमती धातुओं के भाव पर पड़ रहा है।
सराफा कारोबारियों के अनुसार आगामी शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए बाजार में ग्राहकों की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं। ऊंचे भाव के कारण कई ग्राहक अपनी ज्वेलरी खरीदारी टाल रहे थे या बजट के अनुसार कम वजन के आभूषण खरीद रहे थे। कीमतों में आई इस गिरावट से ऐसे ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर अवसर मिल सकता है।
हालांकि, कारोबारी फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में कीमतों का रुख ही तय करेगा कि ग्राहक खरीदारी के लिए कितना उत्साह दिखाते हैं।
