एनटीपीसी और सेल पावर कंपनी लिमिटेड की संयुक्त उद्यम कंपनी एनएसपीसीएल (NSPCL) ने फील्ड इंजीनियर के 17 पदों के लिए भर्ती निकाली है। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर इस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया गया है। पावर स्टेशन (ओएंडएम), सिविल और सेफ्टी क्षेत्रों में फील्ड इंजीनियर की नियुक्ति की जाएगी। आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 11 दिसंबर 2026 रात 11:59 बजे तक चलेगी।

इस भर्ती में चयन लिखित परीक्षा के बिना होगा। अभ्यर्थियों को अंकों के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिसके बाद व्यक्तिगत साक्षात्कार होगा। इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग से जुड़े उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। पद के अनुसार संबंधित इंजीनियरिंग डिग्री में कम से कम 60 प्रतिशत अंक और न्यूनतम दो साल का पोस्ट क्वालिफिकेशन अनुभव जरूरी है। तीनों पदों के लिए अधिकतम आयु 45 वर्ष है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर होगी। नियमानुसार एससी/एसटी, ओबीसी और पीडब्ल्यूबीडी अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट मिलेगी।

चयनित उम्मीदवारों की शुरुआती नियुक्ति तीन साल के लिए फिक्स्ड टर्म पर होगी। संगठन की जरूरत के अनुसार कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है, लेकिन हर साल प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। यह जॉब अधिकतम सात साल के लिए हो सकती है। सभी पदों पर चयनित अभ्यर्थी को 90,000 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा।

आवेदन के दौरान जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों को 300 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और महिला उम्मीदवारों के लिए कोई शुल्क नहीं है। अभ्यर्थी आवेदन शुरू होने से पहले अपने सभी जरूरी दस्तावेज तैयार कर लें।