शाहजहांपुर में स्पाइस मनी कंपनी के अभिकर्ता ने कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये हड़पने के लिए खुद की लूट की झूठी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच में सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के जरिए उसका झूठ सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
शहर के हद्दफ मुहल्ला निवासी अयाज मोहम्मद स्पाइस मनी कंपनी में अभिकर्ता है। गुरुवार दोपहर उसने पुलिस को बताया कि वह कंपनी के छह लाख 49 हजार रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था, तभी ककरा स्थित नगर निगम कार्यालय के पास बाइक सवार बदमाशों ने रुपये लूट लिए। सरेराह हुई इस लूट की जांच के लिए सीओ सदर के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गईं।
जांच में सबसे पहले समय का गणित गड़बड़ निकला। अयाज सुबह 10 बजकर आठ मिनट पर घर से निकला और 10 बजकर 27 मिनट पर अंकित की दुकान पर पहुंचा। वहां से एक किमी दूर घटनास्थल तक पहुंचने में उसे 36 मिनट लग गए, जबकि यह दूरी सामान्य तौर पर कुछ ही मिनटों में तय हो जाती है। घटनास्थल के आसपास लोगों का आना-जाना भी लगातार हो रहा था, लेकिन किसी ने लूट होते नहीं देखी। शक गहराने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद अयाज ने सच्चाई बता दी।
पूछताछ में अयाज ने बताया कि कंपनी ने उसे काम के लिए पहले 10 लाख रुपये की ओवरड्राफ्ट लिमिट दी थी, जिसे बिजनेस कम देने पर घटाकर पांच लाख कर दिया गया। इसी बीच उसने कंपनी के रुपये से एक लाख 70 हजार रुपये में एक प्लाट खरीद लिया। लगातार 20-25 हजार रुपये के नुकसान से उस पर करीब पांच लाख रुपये का बोझ हो गया और कंपनी के कलेक्शन हेड रुपये जमा करने का दबाव बना रहे थे। गुरुवार सुबह जब हेड ने ओवरड्राफ्ट खत्म करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी, तो अयाज ने लूट की झूठी कहानी रच डाली। वह घर से कागज के टुकड़ों से भरा बैग लेकर निकला, अंकित की दुकान पर जानबूझकर बताया कि उसके पास छह लाख 49 हजार रुपये हैं, फिर ककरा पुल पर बैग झाड़ियों में फेंक दिया और सुनसान जगह पर जोर-जोर से रोने-चीखने लगा। राहगीरों को लूट की बात बताकर उसने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से बैग बरामद किया, जिसमें कागज, पैड और पेन आदि निकले।
