वाराणसी में देव दीपावली के लिए होटल और नावों की बुकिंग पूरी तरह से फुल है। घाट किनारे के लक्जरी होटलों में दो से तीन दिन के पैकेज का किराया करीब 4 लाख रुपये तक पहुंच गया है, जबकि गंगोत्री क्रूज के सुइट रूम की कीमत 3.5 लाख रुपये बताई जा रही है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक बनारस में करीब 7 हजार छोटे-बड़े होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे हैं, जहां एक दिन की बुकिंग 7 हजार रुपये से शुरू है और लोकेशन व सुविधाओं के हिसाब से कीमत कई गुना बढ़ जाती है।
नावों की बात करें तो छोटी नाव पर तीन घंटे के नौका विहार का किराया प्रति व्यक्ति 3 हजार से 10 हजार रुपये तक है। गंगोत्री क्रूज पर लगाई गई करीब 20 कुर्सियों की कीमत प्रति व्यक्ति 25 हजार रुपये बताई जा रही है। अनुमान के मुताबिक देव दीपावली के दिन बनारस में तकरीबन 30009 नावें गंगा पर चलती हैं।
डीएवी कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर अनूप मिश्रा के मुताबिक, प्रशासन के आंकड़ों और होटलों व नावों की संख्या के आधार पर इस बार करीब 8 से 10 लाख लोग बाहर से बनारस आएंगे। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा खर्च होटल और बोट पर होता है, इसके अलावा खाने-पीने, ऑटो-टैक्सी, कपड़े और क्राफ्ट की खरीदारी पर भी लोग पैसा खर्च करते हैं। प्रति व्यक्ति 4 से 5 हजार रुपये का खर्च जोड़ने पर तीन दिन में करीब 450 से 500 करोड़ रुपये से ऊपर का कारोबार होने का अनुमान है।
