गुरुग्राम नगर निगम ने शहर की सड़कों और बाजारों में खुले घूमने वाले पशुओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तीसरे दिन निगम की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों से 24 पशुओं को पकड़कर गोशालाओं और नंदीशालाओं में पहुंचाया। निगम की ओर से आवारा कुत्तों के टीकाकरण और बंधीकरण का काम भी जारी रखा गया है।
शहर की कई प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं के खुले घूमने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार इनके कारण सड़क हादसों का खतरा भी बना रहता है। इसे देखते हुए निगम की टीमें क्षेत्रों में निगरानी कर पशुओं को पकड़ने की कार्रवाई कर रही हैं। पकड़े गए पशुओं को सुरक्षित तरीके से गोशालाओं और नंदीशालाओं में भेजा जा रहा है।
निगम आवारा कुत्तों के प्रबंधन पर भी ध्यान दे रहा है। इसके लिए कुत्तों को पकड़कर उनका टीकाकरण और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बंधीकरण कराया जा रहा है।
निगमायुक्त डॉ पंकज ने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और सभी चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण नागरिकों को परेशानी न हो, इसके लिए कार्रवाई जरूरी है।
